Astrology

धामनोद थाना क्षेत्र के अंतर्गत,दहिवर मे स्थित कारम नदी पुल पर ट्राला खराब, 8 घंटे ठप रहा धामनोद-महेश्वर- बड़वाह मार्ग।

पुराने संकरे पुल पर बिगड़ा ट्राला, भीषण गर्मी में घंटों जाम में फंसे यात्री।

 धामनोद-महेश्वर-बड़वाह मार्ग गुरुवार सुबह से अवरुद्ध रहा। दरअसल, धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र के अंतर्गत, दहिवर में,कारम नदी पर बने पुराने और संकरे पुल पर, एक सीमेंट से भरा ट्राला, खराब हो जाने से करीब 8 घंटे तक आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। गुजरात से मंडलेश्वर की ओर जा रहा यह ट्राला, सुबह करीब 4 बजे दहीवर क्षेत्र स्थित पुल पर अचानक खराब हो गया, जिसके चलते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भीषण गर्मी के बीच महेश्वर, ओंकारेश्वर और आसपास के धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाले बड़ी संख्या में दर्शनार्थी, यात्री बसें, निजी वाहन और मालवाहक गाड़ियां घंटों जाम में फंसी रहीं। जाम में महिला, बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक परेशान होते दिखाई दिए। यह मार्ग प्रदेश ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी प्रमुख संपर्क मार्ग माना जाता है, ऐसे में मार्ग अवरुद्ध होने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों और भारतीय किसान संघ के तहसील अध्यक्ष दिनेश पटेल ने, स्थिति को संभालने के लिए स्वयं मोर्चा संभाला। प्रशासनिक व्यवस्था नहीं होने के कारण, ग्रामीणों की मदद से ओंकारेश्वर नहर मार्ग होते हुए मांगबयड़ा के वैकल्पिक रास्ते से छोटी गाड़ियों और यात्री बसों को निकाला गया। कई घंटों तक लोग, इसी वैकल्पिक मार्ग से आवाजाही करते रहे। बताया गया कि, जिस पुल पर ट्राला खराब हुआ वह काफी पुराना, संकरा है, जहां आए दिन जाम और दुर्घटना जैसी समस्याएं बनी रहती हैं। क्षेत्र दो जिलों की सीमा पर स्थित होने के कारण भी व्यवस्थाओं में समन्वय की कमी देखने को मिली।

पुल का पश्चिमी हिस्सा धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र में आता है, जबकि पुल समाप्त होते ही लगभग 15 फीट की दूरी पर खरगोन जिले के महेश्वर थाना क्षेत्र की सीमा शुरू हो जाती है।

घटनास्थल पर लंबे समय तक शासन, प्रशासन और पुलिस की कोई प्रभावी व्यवस्था नजर नहीं आई, जिससे यात्रियों में नाराजगी भी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना था कि, इतनी महत्वपूर्ण सड़क होने के बावजूद जाम हटाने और यातायात सुचारु करने के लिए कोई तत्काल इंतजाम नहीं किया गया। बाद में दूसरे ट्राले की मदद से खराब वाहन को खींचकर हटाया गया, जिसके बाद दोपहर करीब 12 बजे मार्ग पर यातायात दोबारा शुरू हो सका।

भारतीय किसान संघ तहसील अध्यक्ष दिनेश पटेल ने बताया कि, सुबह से पूरा मार्ग बंद था, इसलिए ग्रामीणों के सहयोग से मांगबयड़ा मार्ग पर, यातायात डायवर्ट कर, छोटी गाड़ियों और बसों को निकाला गया। उन्होंने कहा कि , इस पुल पर आए दिन समस्या बनी रहती है और यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो यात्री इसी तरह परेशान होते रहेंगे।

क्या कहना है इनका:
मैं सुबह 4:00 बजे से इस जाम में फंसा हुआ हूं। सुबह से जाम लगा हुआ है। में गुजरात से मंडलेश्वर जा रहा ।
मेहबूब खान

सुबह 5:00 बजे के आसपास ट्राला पुल पर खराब हो गया था, उस ट्राले से पूरा रोड़ प्रभावित हुआ है। और अभी 11:00 बजे तक पूरा रोड बंद रहा,रोड को हम लोगों ने, मांगबयड़ा रोड पर डाइवर्ट करके , छोटी गाड़ी और बसों को निकाला है, इस पुल पर आए दिन समस्या बनी रहती है, ऐसे में यात्री कब तक परेशान होते रहेंगे। कंटेनर को हटाने के लिए एक दूसरा कंटेनर बुलाकर, उसे खींचकर बाहर किया गया।
दिनेश पटेल – भारतीय किसान संघ तहसील अध्यक्ष

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button